कोरोना देश में:सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में 9 लाख कम मरीज मिले, लेकिन दिल्ली में फिर बढ़ने लगे केस

देश में इस महीने कोरोना के 29 दिनों में 17 लाख नए केस आए हैं। सितंबर में यह आंकड़ा 26 लाख रहा था। हालांकि, बीते दो-तीन दिनों से दिल्ली और केरल के आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं। यहां पॉजिटिव केस में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली में गुरुवार को रिकॉर्ड 5739 मरीज मिले हैं। एक्टिव केस में 1574 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
दिल्ली में 3 दिन से 4 हजार से ज्यादा केस आ रहे
तारीख | नए केस | ठीक हुए | एक्टिव केस |
25 अक्टूबर | 4136 | 3826 | +277 |
26 अक्टूबर | 2832 | 3736 | -958 |
27 अक्टूबर | 4853 | 2722 | +2087 |
28 अक्टूबर | 5673 | 4128 | +1505 |
29 अक्टूबर | 5739 | 4138 | +1574 |
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 80 लाख 87 हजार 428 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 73 लाख 71 हजार 568 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 21 हजार 130 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस बीच, 85 दिन यानी 3 महीने बाद एक्टिव केस (ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है) फिर से घटकर 6 लाख से कम हो गए हैं। अब देश में 5 लाख 93 हजार 698 मरीजों का इलाज चल रहा है। ये या तो अस्पताल में भर्ती हैं या फिर होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। इससे पहले 5 अगस्त को देश में 5 लाख 94 हजार एक्टिव केस थे।
कोरोना अपडेट्स
- आंध्र प्रदेश सरकार ने 2 नवंबर से स्कूल-कॉलेज खोलने का आदेश जारी कर दिया है। चीफ सेक्रेटरी नीलम साहने ने कहा कि सभी स्कूल और कॉलेज प्रशासन को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।
- दिल्ली में गुरुवार को रिकॉर्ड 5739 नए मामले सामने आए। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा अब बढ़कर 3 लाख 75 हजार 753 हो गया है। इनमें 3 लाख 38 हजार 378 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 30 हजार 952 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 6423 लोग जान गंवा चुके हैं।
- महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में 30 नवंबर तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। हालांकि, इसमें ”मिशन बिगेन अगेन” के तहत मिल रही छूट बरकरार रहेगी।